नयी दिल्ली , अगस्त 13 -- स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आकाशवाणी के रंग भवन सभागार में विशेष कार्यक्रम 'विजय यात्रा-तस्वीर भारत की' का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम भारत के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम एवं राष्ट्र निर्माण की प्रेरक यात्रा को समर्पित आकाशवाणी और केंद्रीय संचार ब्यूरो, गीत एवं नाटक प्रभाग की संयुक्त प्रस्तुति थी।

इस समारोह में केंद्रीय संचार ब्यूरो के कलाकारों ने बुधवार को कई विशेष प्रस्तुतियां दीं जिनमें 'अमन के हम रखवाले हैं' समूह गीत, तिरंगे को समर्पित समूह गान , 'हमारी शान, हमारी जान, एक वरदान, एक अभिमान' जैसे देशभक्ति गीत की प्रस्तुतियों ने सभागार में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का जोश भर दिया।

कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति ध्वनि और प्रकाश पर आधारित थी। इसके माध्यम से त्रेता युग से लेकर आज के भारत तक की गौरवगाथा को अत्यंत प्रभावशाली और जीवंत रूप में दर्शाया गया। भारत की सांस्कृतिक विरासत, स्वतंत्रता संग्राम, वीरों के बलिदान और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को ध्वनि, प्रकाश, संगीत एवं दृश्य प्रस्तुतियों के सुंदर समन्वय से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आधुनिक भारत की विकास यात्रा की प्रस्तुति में वीर सेनानी मंगल पांडे , झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के अभिनय को दर्शकों से खूब सराहना मिली।

ध्वनि, प्रकाश, संगीत और प्रभावशाली प्रस्तुतियों के सुंदर समन्वय ने दर्शकों को भारत की गौरवशाली परंपरा से लेकर आधुनिक राष्ट्र निर्माण तक की प्रेरक यात्रा से भावनात्मक रूप से जोड़ा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित