लखनऊ , जनवरी 30 -- आकांक्षी नगर योजना के तहत लखनऊ में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए एक नई पहल शुरू की गई है। शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज में डिजिटल सर्वाइकल व स्तन कैंसर स्क्रीनिंग तथा डिजिटल ऑटो-रेफ्रेक्शन से बच्चों की आंखों की जांच के लिए अत्याधुनिक मशीनों का शुभारंभ किया गया। यह पहल स्वास्थ्य विभाग एवं सम्यक-कलेक्टिव गुड फाउंडेशन के सहयोग से की गई, जिसका उद्घाटन महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. रतनपाल सिंह सुमन ने किया।
महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. रतनपाल सिंह सुमन ने कहा कि राज्य सरकार निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए तकनीक आधारित समाधान तेजी से लागू कर रही है। वहीं डिजिटल कैंसर स्क्रीनिंग से महिलाओं में गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान संभव होगी, जिससे समय पर इलाज सुनिश्चित किया जा सकेगा। वहीं डिजिटल ऑटो-रेफ्रेक्शन तकनीक बच्चों की दृष्टि जांच को सरल, सटीक और तेज बनाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने बताया कि इस पहल से बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम को नई गति मिलेगी। ऑटो-रेफ्रेक्शन मशीन राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम को सौंपी जाएगी, जो स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की नियमित जांच कर जन्मजात व दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित