अलवर , दिसम्बर 22 -- राजस्थान में वरिष्ठ शासन उप सचिव एवं अतिरिक्त निदेशक (निरीक्षण) के. आर. मीना के नेतृत्व में राज्य स्तरीय निरीक्षण दल द्वारा सोमवार को खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी शहर में स्थित विभिन्न राजकीय कार्यालयों एवं विभागों के किये गये आकस्मिक निरीक्षण के दौरान 50 प्रतिशत से अधिक अधिकारी, कर्मचारी अनुपस्थित पाये गये।

निरीक्षण दल में महेन्द्र कुमार सरावता, कैलाश मीणा (अनुभाग अधिकारी), चेना राम भदाला (सहायक अनुभागाधिकारी), कृष्णावतार कटारिया एवं तरूण कुमार मीणा (लिपिक ग्रेड-द्वितीय) शामिल रहे। दल ने सुबह नौ बजकर 40 मिनट पर निरीक्षण आरंभ किया।

श्री मीना ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कुल 14 रजिस्टरों की जांच की गयी। निरीक्षण में कुल 178 अधिकारी एवं कर्मचारी दर्ज पाये गये, जिनमें से 99 अधिकारी, कर्मचारी अनुपस्थित मिले। राजपत्रित अधिकारियों में करीब 50 प्रतिशत (19) और अराजपत्रित कर्मचारियों में करीब 57 प्रतिशत (80) उपस्थिति दर्ज नहीं पायी गयीं।

उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई कार्यालयों में उपस्थिति पंजिकाएं निर्धारित मापदण्डों के अनुसार संधारित नहीं की जा रही हैं। साथ ही कई विभागों में साफ-सफाई की व्यवस्था असंतोषजनक पायी गयी। रिकॉर्ड संधारण अव्यवस्थित अवस्था में मिला। प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग द्वारा समय-समय पर जारी परिपत्रों की भी समुचित पालना नहीं की जा रही थी।

श्री मीना ने बताया कि निरीक्षण दल द्वारा अनुपस्थित पाये गये कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई किये जाने की सिफारिश प्रस्तावित की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित