शामली , अगस्त 6 -- श्रावण मास की कांवड़ यात्रा में इस बार आस्था के साथ नारी शक्ति की भी झलक देखने को मिल रही है। गुरुवार को हरियाणा के भिवानी से महिला कांवड़ियों का एक जत्था हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर शामली पहुंचा। लगातार हो रही बारिश के बावजूद महिला श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और वे बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ अपनी यात्रा पर आगे बढ़ती रहीं।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को हरियाणा के भिवानी की रहने वाली महिला कांवडियों का जत्था भगवान शिव की विशेष झांकी के साथ शामली पहुंचा जिनका जगह-जगह स्वागत भी किया गया। श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया और उनके लिए नाश्ता, फल व पेयजल की व्यवस्था भी की। भिवानी से आए महिला कांवड़ियों के इस जत्थे का नेतृत्व फैशन डिजाइनर रितु कर रही हैं। उन्होंने बताया कि उनके साथ भिवानी की बड़ी संख्या में महिलाएं हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल यात्रा कर रही हैं।
रितु ने कहा कि यह यात्रा केवल भगवान शिव के प्रति आस्था और श्रद्धा का प्रतीक नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से समाज को नारी सम्मान और महिला सशक्तिकरण का संदेश देने का भी प्रयास किया जा रहा है। रितु ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही हैं। धार्मिक आयोजनों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि लंबी दूरी, थकान और खराब मौसम के बावजूद महिला कांवड़ यात्री पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ आगे बढ़ रही हैं। उनका उद्देश्य यह संदेश देना है कि महिलाएं किसी भी चुनौती का सामना करने में सक्षम हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित