रायपुर , जुलाई 22 -- छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना और न्योता भोज के अंतर्गत संचालित "प्रोजेक्ट आओ बांटें खुशियां" के तहत बुधवार को शासकीय कर्मचारी अपने जन्मदिन को समाज सेवा से जोड़ते हुए बच्चों के बीच खुशियां बांट रहे हैं। इस पहल के तहत विभिन्न संस्थानों में बच्चों के साथ जन्मदिन मनाकर उन्हें फल एवं पौष्टिक आहार वितरित किया गया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुसार संचालित इस अभियान का उद्देश्य जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत अवसरों को सामाजिक सरोकार से जोड़ना और बच्चों के साथ खुशियां साझा करना है।

इसी क्रम में जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. भेनुज कुमार सिन्हा ने मातृ एवं शिशु चिकित्सालय कालीबाड़ी में, एमपीडब्ल्यू शुभांगी मनके ने आंगनबाड़ी केंद्र भानसोज (आरंग) में तथा शिक्षिका प्रिया यादव ने आंगनबाड़ी केंद्र अंबेडकर चौक, गुढ़ियारी में बच्चों के साथ जन्मदिन मनाया। इस दौरान केक काटा गया तथा बच्चों को फल और पौष्टिक आहार वितरित किया गया।

गौरतलब है कि, "प्रोजेक्ट आओ बाँटें खुशियाँ" के माध्यम से शासकीय कर्मचारियों को अपने विशेष अवसरों पर बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें पोषणयुक्त आहार उपलब्ध कराने और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित