अमरोहा , सितंबर 01 -- उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार दो सितंबर को लखनऊ स्थित लोक भवन के प्रेक्षागृह में आयोजित मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण पूर्वाह्न 11 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में किया जाएगा। इसमें जनपद के विभिन्न प्रशासनिक विभागों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत आउटसोर्सिंग और सफाई कार्मिक शामिल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रशासनिक विभागों में कार्यरत आउटसोर्सिंग कार्मिकों के बढ़े हुए पारिश्रमिक की घोषणा की जाएगी। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश आउटसोर्सिंग सेवा निगम के लोगो, आधिकारिक वेबसाइट और पोर्टल का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

आयोजन के तहत श्रम विभाग द्वारा बीओसीडब्ल्यू (भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार) योजना के लाभार्थियों का चयन कर अंतिम सूची तैयार करने के साथ ही उन्हें चेक वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा आउटसोर्सिंग कार्मिकों को ईपीएफ, ईएसआईसी सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं और संबंधित विधिक प्रावधानों की जानकारी भी दी जाएगी।

वहीं, सेवायोजन विभाग द्वारा आउटसोर्सिंग कार्मिकों की भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा सेवा संबंधी अवसरों और नए रोजगार से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सामग्री एवं प्रस्तुतीकरण की व्यवस्था की जाएगी। शासन स्तर पर आयोजित यह कार्यक्रम आउटसोर्सिंग कार्मिकों के आर्थिक सुदृढ़ीकरण, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार व्यवस्था में पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित