नयी दिल्ली , मई 27 -- भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) और गुजरात आतंकवाद-विरोधी दस्ते (एटीएस) ने समुद्री नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क को करारा झटका देते हुए गुजरात के मुंद्रा तट से संयुक्त तस्करी-विरोधी अभियान के दौरान लगभग 115 किलोग्राम कोकीन जब्त की है, जिसका अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित मूल्य 1,150 करोड़ रुपये है।

गत 25 और 26 मई के बीच चलाए गए इस खुफिया-आधारित अभियान को एटीएस गुजरात द्वारा समुद्री मार्ग से संदिग्ध मादक पदार्थों की तस्करी के संबंध में दी गई विशिष्ट और कार्रवाई योग्य सूचनाओं के बाद शुरू किया गया था।

अधिकारियों के अनुसार, एटीएस कर्मियों को ले जा रही आईसीजी की 'इंटरसेप्टर' नौकाओं ने मुंद्रा लंगरगाह क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान, सुरक्षा कर्मियों ने क्षेत्र में लंगर डाले एक कंटेनर पोत से जुड़ी संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया। खुफिया जानकारी मिलते ही संयुक्त दल ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर समुद्र में फेंके गए पांच बैग बरामद किए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि बैगों में सफेद पाउडर जैसे पदार्थ से भरे पैकेट थे, जिनकी जांच में कोकीन की पुष्टि हुई।

अधिकारियों ने बताया कि कुल 115 पैकेट बरामद किए गए, जिनमें से प्रत्येक का वजन लगभग एक किलोग्राम था। इस तरह कुल जब्त की गई मात्रा लगभग 115 किलोग्राम हो गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार आकलन के अनुसार, इस प्रतिबंधित पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 1,150 करोड़ रुपये है। बरामदगी के बाद तस्करी के प्रयास से जुड़े संदिग्ध कंटेनर पोत को विस्तृत जांच और आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए बंदरगाह ले जाया गया।

यह अभियान पिछले पांच वर्षों में भारतीय तटरक्षक बल और गुजरात एटीएस द्वारा संयुक्त रूप से संचालित 15वां सफल मादक पदार्थ विरोधी अभियान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित