नई दिल्ली , अक्टूबर 01 -- द इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएमएआई) ने गुरुवार को भारतीय बीमा क्षेत्र में लागत प्रबंधन, पारदर्शिता, प्रशासन और जवाबदेही को मजबूत करने के उद्देश्य से पहला 'इन्सकॉस्ट' -मानक प्रस्तुत किया और इस पर बीमा उद्योग जगत के हितधारकों और विशेषज्ञों की राय आमंत्रित की ।

यह फ्रेमवर्क बीमा उद्योग की विशिष्ट जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।

आईसीएमएआई के अध्यक्ष चित्तरंजन चट्टोपाध्याय ने इसे यहां प्रस्तुत करते हुए कहा, " मैं 'इन्सकॉस्ट' फ्रेमवर्क को बीमा कंपनियों, निदेशक मंडलों, नियामकों, पेशेवरों और व्यापक पेशेवर समुदाय के समक्ष प्रस्तुत करता हूं। मेरा विश्वास है कि यह पहल बीमा क्षेत्र में बेहतर लागत प्रशासन को बढ़ावा देने के साथ-साथ कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट्स के लिए भी बदलते बीमा क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता के माध्यम से योगदान देने के नए अवसर तैयार करेगी।"श्री चट्टोपाध्याय ने कहा कि भारतीय बीमा क्षेत्र के विकास के महत्वपूर्ण दौर में ये नियम प्रस्तुत किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक 'सभी के लिए बीमा' के लक्ष्य की दिशा में प्रगति के लिए बेहतर लागत प्रबंधन और लागत प्रशासन बीमा क्षेत्र की दक्षता, स्थिरता और पॉलिसीधारकों के हितों के लिए 'इन्सकॉस्ट' मानक की व्यवस्थाएं अधिक महत्वपूर्ण साबित होंगी।

'इन्सकॉस्ट' फ्रेमवर्क में लागत अभिलेख, लागत प्रबंधन, लागत प्रशासन, लागत प्रकटीकरण और लागत आश्वासन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को एक समग्र ढांचे में शामिल किया गया है। इसके साथ ही रणनीतिक लागत प्रबंधन और उत्पाद लाभप्रदता जैसे विषयों को भी इसमें स्थान दिया गया है। आईसीएमएआई के अनुसार, यह अपनी तरह का पहला व्यापक और उप-क्षेत्र आधारित वैश्विक प्रयास है, जिसमें जीवन बीमा, सामान्य बीमा, स्वास्थ्य बीमा, पुनर्बीमा और सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा संस्थाओं को अलग-अलग ध्यान में रखा गया है।

आईसीएमएआई की ओर से एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि बीमा क्षेत्र के लिए इस लागत लेखांकन व्यवस्था में उसके लागत लेखा एवं अंकेक्षण मानकों ,और सामान्यतः स्वीकृत लागत लेखांकन सिद्धांतों को बीमा क्षेत्र की विशिष्ट आर्थिक संरचना के अनुरूप ढाला गया है। यह भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) के नियामकीय ढांचे के अनुरूप है।

इसमें लागत आवंटन, प्रबंधन व्यय, दावों और वितरण से जुड़ी लागत, बैंकएश्योरेंस, सरकार प्रायोजित योजनाओं, रणनीतिक लागत विश्लेषण और बीमा उत्पादों की लाभप्रदता से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया है।

आईसीएमएआई के उपाध्यक्ष सीएमए मनोज आनंद ने कहा, "इन्सकॉस्ट फ्रेमवर्क बीमा क्षेत्र की पूरी मूल्य श्रृंखला में निर्णय लेने की प्रक्रिया में लागत संबंधी सूचनाओं की भूमिका को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।" फ्रेमवर्क में 'कॉस्ट मैच्योरिटी मॉडल' और चरणबद्ध 'इम्प्लीमेंटेशन रोडमैप' भी शामिल किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित