नयी दिल्ली , अगस्त 26 -- इंटरनेशनल सेंटर फॉर ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी (आईसीएटी) ने केन्द्रीय मोटर वाहन नियम के प्रावधानों के अनुरूप 15-मीटर लंबी मल्टी-एक्सल स्लीपर बस के लिए अपना पहला अनुपालन प्रमाणपत्र जारी किया है।

यह प्रमाण-पत्र सिनाटी ऑटोमोटिव को उसकी 15-मीटर लंबी मल्टी-एक्सल स्लीपर बस के लिए दिया गया है। आईसीएटी के निदेशक सौरभ दलेला ने संगठन के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में सिनाटी ऑटोमोटिव के प्रबंध निदेशक नरेश कुमार यादव को औपचारिक रूप से यह प्रमाणपत्र सौंपा।

इस वाहन को लंबी दूरी तक यात्रियों को ले जाने के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें संरचनात्मक मजबूती, आपातकालीन सुरक्षा, आग से सुरक्षा, यात्रियों की आवाजाही और यात्रा के दौरान आराम जैसी सुविधाओं पर खास ध्यान दिया गया है। इस बस में 42 बर्थ (पूरी तरह से स्लीपर वाले मॉडल के लिए) और 21 बर्थ प्लस 42 सीटों (हाइब्रिड स्लीपर वाले मॉडल के लिए) की क्षमता है, जो लंबी दूरी की यात्रा के लिए एक समन्वित समाधान प्रदान करती है।

एआईएस-119 और एआईएस-153 के तहत यह प्रमाणन उन्नत यात्री वाहन संरचना का मूल्यांकन करने और निर्धारित विनियामक तथा तकनीकी जरूरतों को पूरा करने में निर्माताओं की मदद करने की आईसीएटी की क्षमता को दर्शाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित