मुंबई , अक्टूबर 17 -- आईसीआईसीआई बैंक को चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 14,843 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ, जो एक साल पहले की तुलना में 20.1 प्रतिशत अधिक है।

बैंक के निदेशकमंडल की शनिवार को हुई बैठक में वित्तीय परिणामों को मंजूरी प्रदान की गई। इस दौरान ब्याज से प्राप्त शुद्ध आय 17.7 प्रतिशत बढ़कर 25,339 करोड़ रुपये हो गया। ब्याज से इतर आय में 12.5 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई। यह 8,277 करोड़ रुपये रही। इसमें शुल्क के रूप में कमाई का योगदान 7,795 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले की तुलना में 20.1 फीसदी अधिक है। बैंक को 75 प्रतिशत शुल्क खुदरा, ग्रामीण और बिजनेस बैंकिंग ग्राहकों से मिला है।

बैंक द्वारा दिया गया कुल ऋण 30 सितंबर 2026 को 18,31,580 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। यह एक साल पहले के मुकाबले 30 प्रतिशत अधिक है। खुदरा ऋण में 14.8 प्रतिशत और ग्रामीण ऋण में 3.2 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई। बैंक द्वारा दिए गए कुल ऋण में इन दोनों श्रेणियों की संयुक्त हिस्सेदारी 51.6 प्रतिशत दर्ज की गई।

बैंक के पास जमा कुल राशि में एक साल पहले के मुकाबले 27.1 फीसदी की बढ़त देखी गई। यह 20,49,874 करोड़ रुपये रहा। औसत जमा 21.2 प्रतिशत बढ़कर 18,88,219 करोड़ रुपये रहा।

बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता में तिमाही के दौरान सुधार देखा गया। बकाया ऋण के मुकाबले सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) का अनुपात 30 जून 2026 के 1.38 प्रतिशत से घटकर 30 सितंबर को 1.20 प्रतिशत रहा। शुद्ध एनपीए का अनुपात भी 0.35 प्रतिशत से घटकर 0.30 प्रतिशत रह गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित