नयी दिल्ली , मई 13 -- पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस (आईबीसीए) शिखर सम्मेलन-2026 से पहले एशियाई शेर, बाघ, तेंदुआ, हिम तेंदुआ और चीता संरक्षण की चुनौतियों तथा सहयोगात्मक प्रयासों को लेकर देशभर में कार्यक्रम आयोजित करेगा।

मंत्रालय के अनुसार एशियाई शेर संरक्षण कार्यक्रम गुजरात के गिर, चीता संरक्षण कार्यक्रम मध्य प्रदेश के भोपाल, तेंदुआ संरक्षण एवं अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस कार्यक्रम ओडिशा के भुवनेश्वर, हिम तेंदुआ संरक्षण कार्यक्रम सिक्किम के गंगटोक तथा बाघ संरक्षण कार्यक्रम महाराष्ट्र के चंद्रपुर में आयोजित किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्रालय के अनुसार इन पूर्व-शिखर कार्यक्रमों का उद्देश्य जन-जागरूकता बढ़ाना, हितधारकों की भागीदारी मजबूत करना तथा वन्यजीव संरक्षण में भारत की उपलब्धियों को सामने लाना है। साथ ही, इन आयोजनों के जरिए भारत के नेतृत्व में गठित इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस के उद्देश्यों और संरक्षण संबंधी पहलों को भी रेखांकित किया जाएगा।

मंत्रालय के मुताबिक, कार्यक्रमों में बड़ी बिल्लियों के संरक्षण, मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करने, पर्यावास संरक्षण, सामुदायिक भागीदारी और आधुनिक तकनीक आधारित निगरानी जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित