हैदराबाद , जनवरी 30 -- तेलंगाना के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी संघ ने शुक्रवार को करीमनगर के पुलिस आयुक्त गौश आलम पर लगाए आरोपों को लेकर विधायक पाडी कौशिक रेड्डी की निंदा की और उनके आरोपों को दुर्भावनापूर्ण और निराधार बताया।

अधिकारी संघ ने यहां जारी एक बयान में कहा कि पुलिस अधिकारी अपने कानूनी कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे, जबकि विधायक ने बिना किसी उकसावे के सेवारत आईपीएस अधिकारी के खिलाफ झूठे और निराधार आरोप लगाए, जिनमें उनके धर्म का जिक्र और धर्मांतरण के प्रयास के आरोप शामिल हैं।

अधिकारी संघ ने कहा कि शालीनता और मर्यादा बनाए रखने के लिए विधायक के शब्दों को जस-का-तस सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है।

अधिकारी संघ ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां सिविल सेवकों के मनोबल, गरिमा और स्वतंत्रता पर सीधा हमला हैं। अधिकारी संघ ने धर्म पर आधारित इन आरोपों को घटिया और निंदनीय बताया और कहा कि इनसे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध पेशेवर पुलिस बल की अखंडता पर आंच आती है।

अधिकारी संघ ने श्री रेड्डी से तत्काल और बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की और कहा कि वह संबंधित अधिकारियों से मौजूदा विधायक के गंभीर कदाचार का संज्ञान लेने का आग्रह भी करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित