उदयपुर , फरवरी 21 -- राजस्थान में उदयपुर में पैसिफिक अस्पताल, विनय क्रिकेट क्लब एवं लीला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पिम्स मेवाड़ कप के चौथे संस्करण में शनिवार को खेले गए मुकाबलों में उदयपुर लेकसिटी वारियर्स की टीम ने आईपीएल खिलाडियों से सजी जीसीए क्लॉथ को तीन विकेट से हरा दिया।
वारियर्स की टीम 18 ओवर में सात विकेट खोकर केवल 190 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी। 19वें ओवर में 10 रन बने। यहां पर मुकाबला रोमांचक हो गया। अंतिम ओवर लेकर जपंग्य भट्ट लेकर आए। उन्हें अपनी टीम को जीत दिलाने के लिए आठ रन बचाने थे, लेकिन कुणालसिंह राठौड़ ने छक्का और दो रन लेकर अपनी टीम को जीत दिला दी।
इससे पहले जीसीए क्लॉथ ने पहले खेलते हुए प्रियश पटेल के तीन छक्कों और छह चौकों की मदद से 56 रन और हेमांग पटेल के 27 रन की बदौलत 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 208 रन बनाए। उदयपुर लेकसिटी वारियर्स के मोहम्मद शाहरूख खान, अंकुर पंवार एवं वार्श्वराज राणा ने दो-दो विकेट लिए।
जवाब में उदयपुर लेकसिटी वारियर्स की टीम ने कुणालसिंह राठौड़ के सात छक्कों और छह चौकों से सजी 89 रनों की उम्दा पारी की बदौलत मुकाबला अपने नाम कर लिया। समर्थ व्यास ने 31 बॉल में 44 रन का योगदान दिया। इस तरह से उदयपुर लेकसिटी वारियर्स ने मुकाबला तीन विकेट से अपने नाम कर लिया।
इससे पूर्व सुबह के सत्र में खेले गए दिल्ली चौलेंजर्स की टीम ने एकतरफा मुकाबले में बालाजी कंट्रक्शन को नौ विकेट से हरा दिया। बालाजी कंट्रक्शन की टीम ने 20 ओवर में मात्र 144 रन बनाए, जिसे दिल्ली चौलेंजर्स की टीम ने बेहद आसान साबित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित