नैनीताल , मई 21 -- उत्तराखंड की नैनीताल पुलिस ने "ऑपरेशन प्रहार" के तहत इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के सट्टा कारोबार का खुलासा करते हुए 03 सटोरियों को गिरफ्तार कर लगभग साढ़े तीन करोड़ के सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश किया।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज कत्याल ने गुरुवार को हल्द्वानी में इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हल्द्वानी पुलिस और एसओजी टीम ने 21 मई को मधुबन कॉलोनी स्थित एस मोड़ के पास एक खाली प्लॉट में छापेमार कर आरोपियों को आईपीएल मैच पर सट्टा लगाते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में रवि गुप्ता उर्फ झबरा (35), रोहित गुप्ता निवासीगण दुर्गा कॉलोनी थाना बनभूलपुरा (22) वर्ष तथा मोहित प्रसाद निवासी नारायण नगर विक्टोरिया नंबर-1 थाना मुखानी (30) शामिल हैं।

मौके से पुलिस ने छह मोबाइल फोन, एक रजिस्टर, एक पेन, Rs.51,100 नकद और यूपी-25 ईएल-4419 नंबर की क्रेटा कार बरामद कर सीज की है। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना मुखानी में धारा 13G जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित