रायपुर , मई 13 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में आज इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तहत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू (आरसीबी) और कोलकाता नाईट राइडर्स (केकेआर) के बीच मुकाबला खेले जाने वाले मुकाबले में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के स्टेडियम पहुंचने की संभावना को देखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने विशेष यातायात और पार्किंग व्यवस्था लागू की है।

पुलिस के अनुसार रायपुर शहर की ओर से आने वाले दर्शक तेलीबांधा थाना तिराहा, नेशनल हाईवे-53 और सेरीखेड़ी ओवरब्रिज मार्ग से नया रायपुर होते हुए स्टेडियम तिराहा पहुंचेंगे। यहां से सांई अस्पताल रोड के जरिए पूर्व दिशा स्थित परसदा एवं कोसा पार्किंग में वाहन खड़े किए जा सकेंगे। पार्किंग भरने की स्थिति में श्री सत्य सांई अस्पताल तथा सेंध तालाब पार्किंग का उपयोग किया जाएगा।

इसी तरह बिलासपुर मार्ग से आने वाले दर्शकों के लिए धनेली नाला से रिंग रोड-03, विधानसभा चौक, राजू ढाबा जंक्शन और मंदिर हसौद होते हुए नवागांव स्टेडियम टर्निंग तक मार्ग निर्धारित किया गया है। यहां से वाहन परसदा और कोसा पार्किंग में पार्क किए जाएंगे। बलौदाबाजार और खरोरा क्षेत्र से आने वाले लोगों के लिए विधानसभा ओवरब्रिज चौक से रिंग रोड-03, विधानसभा चौक और नेशनल हाईवे-53 होते हुए मंदिर हसौद मार्ग से स्टेडियम पहुंचने की व्यवस्था बनाई गई है।

उन्होंने कहा कि धमतरी और जगदलपुर दिशा से आने वाले दर्शकों को अभनपुर, केंद्री, उपरवारा, मंत्रालय चौक, कोटराभाठा और सेंध तालाब मार्ग से स्टेडियम पहुंचने की सलाह दी गई है। इन वाहनों के लिए भी परसदा, कोसा, सत्य सांई अस्पताल और सेंध तालाब पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। दुर्ग-भिलाई क्षेत्र से आने वाले दर्शक टाटीबंध, रिंग रोड-01, पचपेड़ी नाका और तेलीबांधा तिराहा होते हुए नेशनल हाईवे-53 से नया रायपुर मार्ग के जरिए स्टेडियम पहुंच सकेंगे।

महासमुंद और सरायपाली की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए आरंग से सीधे स्टेडियम टर्निंग तक मार्ग तय किया गया है। यहां वाहन परसदा और कोसा पार्किंग में खड़े किए जाएंगे।

यातायात पुलिस ने बताया कि जिन वाहनों को ए, बी, सी, डी, ई,एफ और जी श्रेणी के पार्किंग पास जारी किए गए हैं, वे सेरीखेड़ी ओवरब्रिज, डॉ. खूबचंद बघेल चौक, कयाबांधा चौक और कोटराभाठा चौक मार्ग से निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंच सकेंगे।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नया रायपुर के सभी प्रवेश मार्गों पर दोपहर तीन बजे से रात एक बजे तक मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित