लखनऊ , मार्च 30 -- उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के दौरान लखनऊ में होने वाले मैचों के लिए मेट्रो सेवाओं का समय बढ़ाने का निर्णय लिया है। जिसके तहत लखनऊ सुपर जायन्ट्स (एलएसजी) के मैचों के दिनों में मेट्रो सेवाएं रात 12:30 बजे तक उपलब्ध रहेंगी, जिससे दर्शकों को देर रात सुरक्षित और आसान यात्रा की सुविधा मिल सकेगी।
आईपीएल मैच आमतौर पर शाम 7:30 बजे शुरू होते हैं और देर रात तक चलते हैं। ऐसे में दर्शकों को घर लौटने में दिक्कत न हो, इसके लिए यह विशेष व्यवस्था की गई है। यूपीएमआरसी लगातार चौथे वर्ष यह सुविधा उपलब्ध करा रहा है, जिससे उसकी यात्रियों के प्रति प्रतिबद्धता भी झलकती है।
लखनऊ में सायंकालीन मैच 1 अप्रैल, 22 अप्रैल, 26 अप्रैल, 7 मई, 15 मई और 23 मई को खेले जाएंगे। इन सभी दिनों में मेट्रो सेवाएं सामान्य समय से अधिक देर तक संचालित होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित