रुद्रपुर , मई 20 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के रूद्रपुर में पुलिस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी संचालित करने वाले एक शातिर बुकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन, लैपटॉप, कैलकुलेटर और एक होंडा सिटी कार भी बरामद हुई है।
बुधवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार रात को ट्रांजिट कैम्प थाना के उपनिरीक्षक पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान विशेष अभियान समूह (एसओजी) रुद्रपुर टीम से सूचना मिली कि सिडकुल आनंदपुर रोड स्थित धर्मकांटे के आगे एक व्यक्ति कार में बैठकर आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहा है।
ट्रांजिट कैम्प पुलिस और एसओजी की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर सड़क किनारे खड़ी सफेद रंग की होंडा सिटी कार में बैठे एक व्यक्ति को लैपटॉप के जरिए सट्टेबाजी संचालित करते हुए पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत सिंह सैनी निवासी साद नगर, पालम कॉलोनी, दिल्ली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी ट्रांजिट कैम्प थाना क्षेत्र में किराए के फ्लैट में रह रहा था। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 92 हजार रुपये नकद, एचपी कंपनी का लैपटॉप, पांच मोबाइल फोन, कैसियो कंपनी का कैलकुलेटर, एक नीले रंग का बैग तथा सट्टेबाजी में प्रयुक्त होंडा सिटी कार बरामद की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पुलिस से बचने के लिए सुनसान स्थानों पर कार खड़ी कर ऑनलाइन सट्टा संचालित करता है। वह लैपटॉप में विशेष सॉफ्टवेयर और मोबाइल फोन के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर पूरे नेटवर्क का संचालन करता है। पुलिस को लैपटॉप से सट्टेबाजी से संबंधित रिकॉर्ड, टीमों के नाम, हार-जीत और रकम का हिसाब किताब मिला है।
मोबाइल फोन में भी वॉयस रिकॉर्डिंग और पेटीएम लेन-देन के स्क्रीनशॉट बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली ट्रांजिट कैम्प में धारा 13 जी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं बरामद कार को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पूरी बरामदगी और सीजर कार्रवाई की वीडियोग्राफी के माध्यम से कराई गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित