पटना , मई 22 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि बिहार में भी चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स की तर्ज पर फ्रेंचाइजी क्रिकेट टीम के गठन पर शीघ्र निर्णय लिया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने बिहार के उद्योगपति अनिल अग्रवाल की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर किए गए पोस्ट के जवाब में कहा कि बिहार में फ्रेंचाइजी क्रिकेट टीम के गठन के लिए सरकार शीघ्र फैसला करेगी।

श्री चौधरी ने कहा कि वह अनिल अग्रवाल के सुझावों से पूरी तरह सहमत हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में क्रिकेट प्रेमियों की "भावना" को ध्यान में रखते हुए सरकार "मिशन मोड" में स्पष्ट "विजन" के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से बिहार क्रिकेट टीम के गठन पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

श्री अग्रवाल ने कहा कि बिहार भी अपनी वैसी हीं क्रिकेट टीम का हकदार है, जैसी चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की धरती ने देश को कई बेहतरीन क्रिकेटर दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित