सासाराम , अक्टूबर 04 -- बिहार में रोहतास जिले के सासाराम नगर थाना क्षेत्र के कुराईच स्थित आईडीबीआई बैंक के एटीएम को काटकर चोरों ने लाखों रुपये की नकदी चोरी कर ली।पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि देर रात चोर एटीएम के शटर का ताला काटकर अंदर घुसे और कटर की मदद से एटीएम मशीन को काटकर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गये। चोरी गयी राशि का अभी मिलान नहीं होने के कारण स्पष्ट आंकड़ा नहीं मिल सका है, हालांकि लाखों रुपये की नकदी चोरी होने की आशंका है।
सूत्रों ने बताया कि करीब ढाई बजे रात में पुलिस गश्ती वाहन वहां से गुजरा था। घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिये हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित