मुंबई , जुलाई 13 -- आईटी कंपनियों में लिवाली के दम पर घरेलू शेयर बाजार सोमवार को शुरुआती गिरावट से उबरते हुए अंत में मामूली बढ़त में बंद होने में कामयाब रहे।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स सुबह 604 अंक नीचे खुला था। हालांकि दोपहर बाद लिवाली से यह हरे निशान में पहुंच गया और अंत में 47.01 अंक (0.06 प्रतिशत) चढ़कर 77,616.40 अंक पर बंद हुआ। यह 07 जुलाई के बाद का इसका उच्चतम स्तर है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 4.10 अंक (0.02 प्रतिशत) की बढ़त में 24,211 अंक पर रहा। मझौली और छोटी कंपनियों में भी लिवाली रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.17 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.03 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।
निफ्टी आईटी की 3.59 प्रतिशत की जबरदस्त तेजी के अलावा मीडिया, ऑटो और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों में भी अच्छी तेजी देखी गयी। वहीं, एफएमसीजी, धातु और रसायन समूहों में गिरावट रही।
एनएसई में जिन 3,442 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 1,772 बढ़त में और 1,555 लाल निशान में बंद हुए। अन्य 115 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 12 के शेयर हरे निशान में रहे। आईटी कंपनी टीसीएस में सबसे अधिक 5.43 प्रतिशत की तेजी देखी गयी। इसी क्षेत्र की एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 5.02 फीसदी, टेक महिंद्रा का 3.34 और इंफोसिस का 3.17 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। एनटीपीसी का शेयर 2.18 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक का 1.83, पावरग्रिड का 0.99 और महिंद्रा एंड महिंद्रा का 0.97 प्रतिशत चढ़ा। आईसीआईसीआई बैंक और टाइटन के शेयर भी मजबूत रहे।
नुकसान उठाने वालों में टाटा स्टील का शेयर 2.09 प्रतिशत टूट गया। इटरनल में 1.55 फीसदी, इंडिगो में 1.52, मारुति सुजुकी में 1.20, अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.11 और बीईएल तथा भारती एयरटेल दोनों में 1.01 प्रतिशत की गिरावट रही।
वैश्विक स्तर पर एशिया में चीन का शंघाई कंपोजिट 2.06 प्रतिशत और जापान का निक्केई 1.92 प्रतिशत गिर गया। वहीं, हांगकांग के हैंग सेंग में 0.16 प्रतिशत की तेजी रही। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.18 प्रतिशत ऊपर है जबकि ब्रिटेन के एफटीएसई में 0.15 प्रतिशत की गिरावट है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित