उज्जैन , सितंबर 20 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में आईटी क्षेत्र के विस्तार से युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, तकनीकी नवाचार और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। राज्य सरकार युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर सृजित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

श्री यादव ने यह बात रविवार को उज्जैन में निर्माणाधीन आईटी पार्क के निरीक्षण के दौरान कही। उन्होंने कहा कि इंदौर और उज्जैन को मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी नवाचार और उद्योगों के विस्तार को गति देना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई तकनीक और नवाचार के माध्यम से प्रदेश के विकास को नई गति दी जा सकती है। आईटी क्षेत्र के विस्तार से नए उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार और कौशल विकास के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने उज्जैन के आईटी पार्क को युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने वाली महत्वपूर्ण परियोजना बताया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के निर्धारित मापदंडों का पालन सुनिश्चित करते हुए परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि इसका लाभ विद्यार्थियों और युवाओं को शीघ्र मिल सके।

उल्लेखनीय है कि आईटी पार्क का निर्माण दो चरणों में किया जा रहा है। परियोजना के लिए लगभग 2.16 हेक्टेयर भूमि निर्धारित है तथा कुल 15,480 वर्गमीटर बिल्ट-अप एरिया प्रस्तावित है। इसमें 11,436 वर्गमीटर क्षेत्र आईटी कंपनियों के लिए आरक्षित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान इंदौर रोड पर उज्जैन विकास प्राधिकरण के माध्यम से निर्माणाधीन पीएम एकता मॉल और महाकाल भक्त निवास की प्रगति की जानकारी भी ली तथा दोनों परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे आमजन और उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिलेंगी।

इसके बाद श्री यादव ने इंदौर रोड स्थित महामृत्युंजय द्वार का निरीक्षण कर उसके निर्माण एवं विशेषताओं की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम के अधिकारियों तथा कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को आईटी पार्क के निर्माण कार्य एवं अब तक की प्रगति की जानकारी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित