फिरोजाबाद , जुलाई 31 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद नगर के थाना उत्तर क्षेत्र स्थित रामकृष्ण नगर में गुरुवार देर रात एक भवन में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। भवन में आईटीसी कंपनी का गोदाम तथा एक किराना जनरल स्टोर संचालित था। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार रामकृष्ण नगर निवासी माधव अग्रवाल की इमारत में आईटीसी कंपनी का गोदाम तथा उर्मिला किराना जनरल स्टोर संचालित है, जबकि भवन की ऊपरी मंजिल पर उनका परिवार निवास करता है। गुरुवार रात अचानक भवन से आग की लपटें उठती देख क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस तथा दमकल विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दमकल की गाड़ियां करीब एक घंटे की देरी से पहुंचीं, जिसके कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस बीच पुलिस और स्थानीय नागरिकों ने भवन की ऊपरी मंजिल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर पानी की व्यवस्था कर आग बुझाने का प्रयास भी किया।

घटना की सूचना पर नगर निगम के पार्षद पानी के टैंकरों के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया। हालांकि, लोगों का कहना है कि दमकल वाहनों की संख्या कम होने और उनके विलंब से पहुंचने के कारण आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका। इसे लेकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दमकल विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी गई।

घटना की जानकारी मिलने पर नगर निगम की महापौर कामिनी राठौर तथा विधायक मनीष असीजा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया, पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की तथा शासन-प्रशासन से हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग में गोदाम और दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया है। नुकसान का वास्तविक आंकलन किया जा रहा है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित