पिथौरागढ़ , अक्टूबर 18 -- उत्तराखंड की पिथौरागढ़ पुलिस ने चीन सीमा पर तैनात भारत तिब्बत सीमा पुलिस(आईटीबीपी) के कमांडेंट और जवानों के साथ अभद्रता और गाली-गलौज के मामले में आरोपी अतिथि शिक्षक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।

धारचूला कोतवाली के निरीक्षक एके सिंह ने रविवार को बताया कि घटना कुछ दिन पूर्व की है। आरोप है कि पिथौरागढ़ जिले के बलुवाकोट निवासी कुलदीप भट्ट की ओर से मामूली बात को लेकर 36वीं वाहिनी के कंमांडेंट और जवानों के साथ अभद्रता और गाली गलौज की गई।

बताया जा रहा है कि आईटीबीपी जवान वापस लौट गए और पुलिस को मामले में तहरीर सौंपी। श्री सिंह ने कहा कि आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 132, 221, 351 और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित