चंडीगढ़ , जून 15 -- हरियाणा सरकार राज्य के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में चीनी मिल उद्योग से जुड़े विशेष पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी कर रही है। इस संबंध में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सोमवार को एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक का उद्देश्य चीनी उद्योग की जरूरतों के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करना और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना है।

बैठक में तकनीकी, व्यावसायिक और डिप्लोमा स्तर के विभिन्न पाठ्यक्रमों पर चर्चा की गयी। इनमें शुगर प्रोसेसिंग ऑपरेटर, बॉयलर अटेंडेंट, शुगर बॉइलिंग, क्वालिटी कंट्रोल, शुगर टेक्नोलॉजी, शुगर इंजीनियरिंग और ऑटोमेशन जैसे कोर्स शामिल हैं। वर्तमान में राज्य के आईटीआई में 89 ट्रेड और 169 सीटीएस पाठ्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं।

मुख्य सचिव ने युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग के प्रधान सचिव की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने के निर्देश दिये, जो 14 दिनों के भीतर पाठ्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर रिपोर्ट सौंपेगी। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप होने चाहिए, ताकि युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित