प्रयागराज , मई 12 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में आईटीआई छात्र की हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी ने 10 मई को छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। सोमवार शाम पोस्टमार्टम के बाद छात्र का शव गांव पहुंचने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। बड़ी संख्या में लोग आरोपी साहिल यादव के घर की ओर बढ़ने लगे। स्थिति को देखते हुए इंस्पेक्टर होलागढ़ ने लोगों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ काफी देर तक आक्रोशित रही।
इसी बीच सोमवार देर रात पुलिस ने मुख्य आरोपी साहिल यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। पुलिस आयुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि आरोपी के होलागढ़ क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी ने भागने और पुलिस पर फायरिंग करने की कोशिश की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया है। फिलहाल उससे देर रात तक पूछताछ की जाती रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित