नैनीताल , जून 09 -- भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की वरिष्ठ अधिकारी निवेदिता कुकरेती ने मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कुमाऊं परिक्षेत्र की कमान संभाल ली है और कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को प्राथमिकता बताया।

उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कुमाऊं परिक्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाना तथा जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में रहेगा। उन्होंने पुलिस और जनता के बीच संवाद एवं विश्वास को और सशक्त बनाने पर भी जोर दिया।

आईजी ने कहा कि आगामी कैंची धाम स्थापना दिवस और पर्यटन सीजन को देखते हुए श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, शटल सेवाएं, डायवर्जन प्लान और भीड़ नियंत्रण को लेकर प्रभावी कार्ययोजना लागू की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

साथ ही उन्होंने पुलिस बल के आधुनिकीकरण, तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग, स्मार्ट पुलिसिंग और अपराध विश्लेषण प्रणाली को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद वह कैंची धाम पहुंचीं और वहां मेले तथा पर्यटन सीजन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया।

उन्होंने कैंची धाम में मंदिर समिति के पदाधिकारियों से भी मुलाकात की और आगामी आयोजन को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन तथा मंदिर समिति के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित