लखनऊ , अप्रैल 12 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक कार्यों और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आई है। एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) की मार्च माह की रिपोर्ट में रामपुर जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। रामपुर को 140 में से 139 अंक मिले हैं, जो 99.29 प्रतिशत है।
रिपोर्ट के अनुसार हाथरस और बाराबंकी ने 137-137 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया है, जबकि शाहजहांपुर और पीलीभीत 136-136 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
आईजीआरएस के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों में जनशिकायतों, राजस्व कार्यों और विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाती है। हर माह 49 विभागों के 109 कार्यक्रमों का मूल्यांकन तय मानकों पर किया जाता है। इस प्रणाली से न केवल शिकायतों के निस्तारण में तेजी आई है, बल्कि प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही भी मजबूत हुई है।
रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के अनुसार जिले में विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जा रहा है। साथ ही आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे जिले को यह उपलब्धि मिली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित