पटना , अप्रैल 23 -- राजधानी पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) में एमबीबीएस एवं पीजी परीक्षाओं में कथित प्रश्नपत्र लीक मामले को संस्थान ने काफी गंभीरता से लिया है।
परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं की जांच के लिए आईजीआईएमएस की शैक्षणिक संकाय के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) ओम कुमार की अध्यक्षता में एक जांच समिति का गठन कर दिया गया है। इस जांच समिति का गठन संस्थान के निदेशक द्वारा किया गया है।
आईजीआईएमएस के उप निदेशक प्रो. विभूति प्रसन्न सिन्हा ने बताया कि यह जांच समिति परीक्षा से संबंधित सभी पहलुओं की सूक्ष्मता से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि जांच समिति द्वारा अपना जांच प्रतिवेदन जल्द ही संस्थान के निदेशक को समर्पित कर दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित