सहारनपुर , मार्च 17 -- सहारनपुर में कुतुबशेर क्षेत्र के मानकमऊ निवासी आईटीसी कर्मचारी रियासत अली के बेटे हारीश अली की आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) द्वारा गिरफ्तारी के बाद खुफिया एजेंसियां उसकी गतिविधियों और संपर्कों की गहन जांच में जुट गई हैं।

इस बीच उसके घर पर ताला लगा हुआ है और परिजन भूमिगत बताए जा रहे हैं, जबकि रियासत अली बेटे की पैरोकारी के लिए लखनऊ गए हुए हैं। एटीएस ने हारीश अली को रविवार को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया था। वह वहां एक निजी कॉलेज में बीडीएस (दंत चिकित्सा) के दूसरे वर्ष का छात्र है। इससे पहले उसने कोटा में रहकर इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की थी और मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी की थी।

खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, पिछले लगभग चार वर्षों से यानी 16 वर्ष की उम्र के बाद से हारीश अली का सहारनपुर से ज्यादा संपर्क नहीं रहा। इसी क्षेत्र से पिछले वर्ष अक्टूबर में आदिल अहमद राठेर को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जांच में उसके आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद से जुड़े होने की बात सामने आई थी। एजेंसियां अब डॉ. आदिल और हारीश अली के बीच किसी संभावित संबंध की भी पड़ताल कर रही हैं, हालांकि अभी तक दोनों के बीच कोई सीधा कनेक्शन सामने नहीं आया है।

प्रारंभिक जांच में एटीएस और खुफिया एजेंसियों को पता चला है कि हारीश अली ऑनलाइन मॉड्यूल के जरिए आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट से जुड़ा हुआ था। वह कथित रूप से लोगों को जिहादी गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास कर रहा था और "अल-इत्तिहाद मीडिया फाउंडेशन" नाम से एक ऑनलाइन मंच बनाकर फिदायीन हमलों के लिए प्रेरित करने तथा आतंकी गतिविधियों की साजिश रचने में लगा हुआ था।

जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि हारीश अली किसी नए आतंकी नेटवर्क का हिस्सा है या पहले पकड़े गए संदिग्ध चिकित्सकों और छात्रों के नेटवर्क से उसका कोई संबंध है। हाल के समय में कुछ युवा चिकित्सकों और मेडिकल छात्रों के आतंकी संगठनों से जुड़े होने के मामले सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित