दोहा , अक्टूबर 30 -- आईएसएसएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप (राइफल/पिस्तौल/शॉटगन) एक से 14 नवंबर तक आयोजित होगी। इसमें 90 देशों की ओलंपिक कमेटियों के 1,041 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं, जो वर्ल्ड टाइटल और लॉस एंजिल्स 2028 के लिए शूटिंग कोटा हासिल करने की कोशिश करेंगे। लुसैल शूटिंग कॉम्प्लेक्स में लॉस एंजिल्स 28 के लिए निशानेबाजी क्वालिफिकेशन की प्रक्रिया शुरू हो रही है। यह इस चरण का सबसे बड़ा कोटा इवेंट है, जिसमें 12 व्यक्तिगत ओलंपिक इवेंट्स में से प्रत्येक में खेलों के लिए 3-3 जगहें (कोटा) दांव पर हैं। एलएस 28 के लिए कुल 340 निशोबाजी कोटा में से 36 कोटा इस वर्ल्ड चैंपियनशिप के जरिए हासिल किए जा सकते हैं।

दोहा में मिलने वाले कोटा एथलीट को नहीं, बल्कि उनकी नेशनल ओलंपिक कमिटी (एनओसी) को दिए जाते हैं। इस वर्ल्ड चैंपियनशिप में हर एनओसी एक इवेंट में केवल एक कोटा ही हासिल कर सकती है। एक एथलीट अपनी एनओसी के लिए केवल एक कोटा हासिल कर सकता है, और इसके लिए उनका क्वालिफाइंग स्कोर उस इवेंट के 'मिनिमम क्वालिफिकेशन स्कोर' के बराबर या उससे अधिक होना चाहिए। इसलिए, जरूरी नहीं कि ये 3 कोटा पदक जीतने वाले 3 एथलीटों को ही मिलें; अगर कोई कोटा खाली रह जाता है, तो वह अगली सबसे अच्छी रैंक वाले योग्य एथलीट को मिल जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित