नयी दिल्ली , मई 26 -- एकीकृत फेरो अलॉयज उत्पादक कंपनी इंडियन मेटल्स एंड फेरो अलॉयज लि. (आईएमएफएल) ने मंगलवार को बताया कि उसने ईजी ऊर्जा स्ट्रॉट प्रा.लि.की 26 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया है। यह सौदा कुल लगभग 110.18 करोड़ रुपये का बताया गया है।

आईएमएफएल ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि उसने ईजी ऊर्जा स्ट्रॉट के साथ बिजली खरीदने समझौता (पीपीए) भी किया है जो 29 साल के लिए है। यह समझौता बिजली अधिनियम, 2003 और बिजली नियम, 2005 के तहत परिभाषित 'कैप्टिव उपभोक्ता' व्यवस्था के अंतर्गत किया गया है। इसके माध्यम से, कंपनी ने अपने फेरो क्रोम कारोबार के लिए 65 मेगा वाट हाइब्रिड नवीकरणीय बिजली का अनुबंध किया है।ईजी ऊर्जा स्ट्रॉट की मिली जुली नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं की कुल स्थापित क्षमता में 81.4 मेगा वाट सौर क्षमता, 102.6 मेगा वाट पवन बिजली और 25 मेगावाट प्रति घंटा की क्षमता वाली बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस) क्षमता शामिल है।

इस समझौते पर हस्ताक्षर के साथ आईएमएफएल का अनुबंधित नवीकरणीय ऊर्जा आपूर्ति पोर्टफोलियो बढ़कर 135 मेगावाट हो गया है। अगले वित्त वर्ष में, कंपनी के कुल ऊर्जा मिश्रण में नवीकरणीय ऊर्जा का हिस्सा लगभग 40 प्रतिशत तक पहुंच जाने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित