पटना , जुलाई 25 -- ंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), बिहार एवं भारतीय जनता पार्टी चिकित्सा प्रकोष्ठ, बिहार के संयुक्त तत्वावधान में 'चिकित्सा संवाद' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर एवं जनसुलभ बनाने को लेकर संवाद हुआ।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री डॉ. सी.पी. ठाकुर, सांसद डॉ. संजय जायसवाल, डॉ. सच्चिदानंद एवं डॉ. बी. झा मृणाल सहित चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े अनेक चिकित्सक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशी श्री नीरज सिन्हा जी को आईएमए, बिहार की ओर से समर्थन देने की घोषणा की गई।

इस अवसर पर चिकित्सा समुदाय ने नीरज सिन्हा के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करते हुए उनके पक्ष में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र के विकास के लिए मजबूत नेतृत्व, बेहतर नीतियों और चिकित्सक समुदाय के साथ निरंतर संवाद की आवश्यकता है। 'चिकित्सा संवाद' जैसे कार्यक्रम चिकित्सा जगत और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों ने कहा कि जनहित एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं और इस दिशा में सामूहिक सहभागिता के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित