हरिद्वार , मई, 24 -- अंतरराष्ट्रीय कृषि विकास कोष के कंट्री डायरेक्टर जेम्स मार्क शील्ड्स ने रविवार को हरिद्वार जनपद में संचालित ग्रामोत्थान रीप परियोजना के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का स्थलीय निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और ग्रामीण आजीविका से जुड़े नवाचारों की सराहना की।

भ्रमण के दौरान उनके साथ परियोजना निदेशक झरना कामठन, आईएफएडी की जनरल सलाहकार निशिधा, मैनेजमेंट कंसल्टेंसी फर्म के टीम लीडर आलोक जैन एवं कृषि विशेषज्ञ रविन्द्र कुकरेती मौजूद रहे। हरिद्वार पहुंचने पर टीम का स्वागत जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार सक्सेना द्वारा किया गया।

टीम ने सबसे पहले विकासखंड बहादराबाद में रीप परियोजना के तहत क्लस्टर लेवल फेडरेशन द्वारा संचालित "वेस्ट फ्लावर मैनेजमेंट" यूनिट का निरीक्षण किया। यहां मंदिरों से एकत्रित फूलों का प्रसंस्करण कर विभिन्न उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। कंट्री डायरेक्टर ने महिलाओं द्वारा मशीन संचालन, उत्पादन और पैकेजिंग व्यवस्था का अवलोकन किया तथा उनसे सीधे संवाद कर आय सृजन और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जेम्स मार्क शील्ड्स ने कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक उत्कृष्ट मॉडल है। उन्होंने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बताया।

इसके बाद टीम ने परियोजना के तहत तैयार किए जा रहे पारंपरिक उत्पादों-तेल, मसाले, मल्टीग्रेन आटा आदि की उत्पादन इकाइयों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के माध्यम से स्वायत्त सहकारिताओं को तकनीकी प्रशिक्षण देकर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद निर्माण और बाजार से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित