जालौन , जुलाई 11 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में शनिवार को जालौन तहसील के पूर्व एसडीएम आईएएस रिंकू सिंह राही की पुनः तैनाती की मांग को लेकर बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने उरई में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी जालौन चौराहे से कलेक्ट्रेट तक हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचे तथा जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रिंकू सिंह राही ने अपने कार्यकाल में गरीबों और आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना तथा भ्रष्टाचार के मामलों की जांच शुरू की थी। उनका आरोप है कि ईमानदारी से कार्य करने वाले अधिकारी का स्थानांतरण किया गया, जिससे भ्रष्टाचार के विरुद्ध चल रही कार्रवाई प्रभावित हुई। प्रदर्शनकारियों ने इस कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उनकी पुनः जालौन तहसील में तैनाती की मांग की।
ज्ञापन में मांग की गई कि जिन विभागों और व्यक्तियों की जांच रिंकू सिंह राही कर रहे थे, उनकी निष्पक्ष जांच सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पूरी कराई जाए। साथ ही, उनके विरुद्ध लगाए गए आरोपों की भी स्वतंत्र जांच कर दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि रिंकू सिंह राही द्वारा प्रत्येक गांव और मोहल्ले के लिए बनाए गए व्हाट्सएप जनसमस्या समूहों को दोबारा शुरू किया जाए, जिससे लोगों की शिकायतों का घर बैठे समाधान हो सके।
प्रदर्शन में अरुण, अमित कुमार, मोहम्मद हसन, रामअसरे , प्रद्युम्न कुमार, दीपराज, आशीष, आकाश, आयुष, शौकीन सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित