मास्को , मई 31 -- वियना में अंतरराष्ट्रीय संगठनों के लिए रूस के दूत मिखाइल उल्यानोव ने रविवार को बताया कि अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के विशेषज्ञों ने जापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र की इकाई छह में हुए नुकसान का निरीक्षण किया है। यह नुकसान 30 मई को यूक्रेन के कथित ड्रोन हमले के बाद हुआ था।
श्री उल्यानोव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस निरीक्षण की जानकारी साझा करते हुए वहां की तस्वीरें भी जारी कीं। रूस की सरकारी परमाणु निगम 'रोसाटॉम' के अनुसार, एक लड़ाकू ड्रोन इकाई छह के टरबाइन हॉल से टकराकर विस्फोट कर गया था। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और न ही मुख्य उपकरणों को कोई गंभीर नुकसान पहुंचा है।
आईएईए के महानिदेशक राफेल मारियानो ग्रॉसी ने इस घटना पर गहरी चिंता जताते हुए चेतावनी दी है कि परमाणु केंद्रों पर किसी भी तरह के हमले से बड़े सुरक्षा जोखिम पैदा हो सकते हैं।
यूरोप के इस सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर सुरक्षा खतरों को लेकर रूस और यूक्रेन एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे हैं, जिसके कारण यह वैश्विक निगरानी में है। आईएईए की टीम लगातार यहां के हालातों पर नजर बनाए हुए है।
इसके अलावा, रूसी अधिकारियों के मुताबिक, यूक्रेनी ड्रोनों ने रूस के कई अन्य क्षेत्रों में ऊर्जा और औद्योगिक बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया है। रूस के सारातोव क्षेत्र के गवर्नर रोमन बुसरगिन ने बताया कि रात में हुए हमलों में नागरिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। यूक्रेनी सेना ने सारातोव तेल रिफाइनरी को निशाना बनाने की पुष्टि की है, लेकिन जापोरिज्जिया परमाणु संयंत्र पर हमले से इनकार किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित