नयी दिल्ली , सितंबर 04 -- केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को यहां पृथ्वी भवन में 19वें अंतरराष्ट्रीय पृथ्वी विज्ञान ओलंपियाड (आईईएसओ) 2026 में नौ पदक जीतने वाली भारतीय टीम को सम्मानित किया और बधाई दी।

भारतीय टीम ने इटली के ट्यूरिन में 20 से 27 अगस्त तक आयोजित इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था । इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल नौ पदक जीते हैं जिनमें चार स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक जीते थे।

आज यहां केन्द्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने टीम इंडिया के छात्र प्रतिभागियों को सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने छात्रों, उनके अभिभावकों और स्कूलों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार युवाओं में वैज्ञानिक सोच विकसित करने और पृथ्वी विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए छात्र-केंद्रित कार्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव डॉ. टी. श्रीनिवास कुमार ने भी छात्रों और उनके प्रशिक्षकों की सराहना की।

इटली के ट्यूरिन में आयोजित इस प्रतियोगिता में 39 देशों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। भारतीय छात्रों ने लिखित एवं प्रायोगिक परीक्षाओं के अलावा इंटरनेशनल टीम फील्ड इन्वेस्टिगेशन और अर्थ साइंस प्रोजेक्ट जैसी विभिन्न श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन किया। डेव मॉडल स्कूल, दुर्गापुर के सौमिक मंडल ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल कर 39 देशों के बीच वैश्विक रैंकिंग में तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं आरोन मैती ने एक स्वर्ण और एक कांस्य तथा रिद्धि रंजन ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीता। मंत्रालय के अनुसार, जेएनवी के एमडी एहतशाम रिजवी ने भी एक रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित