वाराणसी , अक्टूबर 16 -- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (बीएचयू) के नवोन्मेष, अभिपोषण एवं उद्यमिता केंद्र (सीआईआईई) की ओर से सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) के सहयोग से शनिवार को 'एआई फॉर हेल्थकेयर एंड असिस्टिव टेक्नोलॉजीज' कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम संस्थान परिसर स्थित सीआईआईई के ई-हॉल में होगा।

सीआईआईई के समन्वयक प्रो. एम. के. मेश्राम के नेतृत्व में आयोजित इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र की चुनौतियों के समाधान में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की भूमिका पर चर्चा करना है। इसमें नीति-निर्माता, शिक्षाविद, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, उद्योग प्रतिनिधि, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ और स्टार्टअप संस्थापक भाग लेंगे। कार्यक्रम में किफायती एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं तथा समावेशी सहायक प्रौद्योगिकियों के विकास पर भी विचार-विमर्श होगा।

आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में आयुर्विज्ञान संस्थान (आईएमएस), बीएचयू की प्रो. मल्लिका तिवारी, निदेशक प्रो. एस. एन. संखवार, आईआईटी (बीएचयू) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा, एसटीपीआई के महानिदेशक अरविंद कुमार, उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुमित महाजन तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के संबोधन प्रस्तावित हैं।

कॉन्क्लेव में 'एआई के माध्यम से नागरिकों को सशक्त बनाना: स्वास्थ्य, समावेशन एवं कल्याण' विषय पर पैनल चर्चा भी होगी। इसमें स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने, एआई के प्रभावी उपयोग तथा दिव्यांगजनों एवं वंचित समुदायों के लिए उपयोगी प्रौद्योगिकियों की संभावनाओं और चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों, नवाचारकर्ताओं और उद्यमियों को स्वास्थ्य सेवा एवं सहायक प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में व्यावहारिक और विस्तार योग्य समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित