वाराणसी , सितंबर 2 -- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-बीएचयू) ने विद्यार्थियों के लिए जापान और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में इंटर्नशिप एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से टैलेंडी होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

इस समझौते से उद्योग और शिक्षण संस्थान के बीच सहयोग मजबूत होगा तथा विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर बेहतर करियर अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

आईआईटी (बीएचयू) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि टैलेंडी के साथ साझेदारी जापानी उद्योगों के साथ संस्थान के जुड़ाव को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इंटर्नशिप, रोजगार और उभरती प्रौद्योगिकियों से जुड़ने के अवसर मिलेंगे। संस्थान ऐसे सार्थक औद्योगिक संबंध विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो विद्यार्थियों के वैश्विक करियर को नई दिशा दे सकें।

एमओयू के तहत इंटर्नशिप, प्लेसमेंट और हैकाथॉन के क्षेत्र में सहयोग किया जाएगा। टैलेंडी की ओर से आईआईटी (बीएचयू) और उसके विद्यार्थियों को टैलेंडी पोर्टल निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इस पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों को एक ही मंच पर इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

पोर्टल आवेदन से लेकर इंटर्नशिप और संभावित प्री-प्लेसमेंट ऑफर (पीपीओ) तक की भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने में मदद करेगा। टैलेंडी, आईआईटी (बीएचयू) के साथ मिलकर इंटर्नशिप प्रक्रिया में पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित करेगा।

पोर्टल की कार्यप्रणाली संस्थान की प्लेसमेंट नीतियों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जाएगी।

एमओयू पर हस्ताक्षर के अवसर पर आईआईटी (बीएचयू) के डीन (आरएंडडी) प्रो. राजेश कुमार, प्रोफेसर इंचार्ज, आउटरीच एवं इंडस्ट्री रिलेशंस तथा समन्वयक, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल प्रो. सुशांत कुमार श्रीवास्तव, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के डिप्टी कोऑर्डिनेटर प्रो. के.पी. सरावडेकर एवं प्रो. सूर्य देव यादव, एसोसिएट डीन (आरएंडडी) डॉ. प्रदीप पाइक तथा उप कुलसचिव डॉ. देवेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।

टैलेंडी की ओर से संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नाओताका निशियामा, निदेशक (पब्लिक अफेयर्स) एई मिनामिजाकी तथा मैनेजर (कस्टमर सक्सेस) केंजी अराई मौजूद रहे। बताया गया कि टैलेंडी प्लेटफॉर्म को वर्ष 2020 से 2022 के बीच आयोजित इंडिया-जापान वर्किंग ग्रुप के सत्रों में हुई चर्चाओं के आधार पर विकसित किया गया है। इन सत्रों को जापान के मिनिस्ट्री ऑफ इकोनॉमी, ट्रेड एंड इंडस्ट्री तथा टोक्यो स्थित भारतीय दूतावास का सहयोग प्राप्त था।

इन सत्रों में भारत के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों और जापानी कंपनियों ने भाग लिया था तथा विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की गई थी। आईआईटी (बीएचयू) और टैलेंडी के बीच यह साझेदारी संस्थान के उद्योग सहभागिता तंत्र को मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों को जापान और वैश्विक प्रौद्योगिकी क्षेत्र में उपलब्ध इंटर्नशिप एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने में मदद करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित