देहरादून , मार्च 23 -- उत्तराखंड के रुड़की स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (आईआईटी) के डिज़ाइन इनोवेशन सेंटर की ओर से सोमवार को 'एमएसएमई इनोवेटिव (डिज़ाइन) स्कीम': उद्योग-अकादमिक सहभागिता' विषय पर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।

देहरादून के एक होटल में आयोजित इस विशेष सत्र में आईआईटी के डिज़ाइन इनोवेशन सेंटर के अधिष्ठाता एवं समन्वयक, इंफ्रास्ट्रक्चर प्रो इन्द्रदीप सिंह ने चालू वित्तीय वर्ष में एमएसएमई इनोवेटिव (डिज़ाइन) स्कीम के अंतर्गत चार कार्यक्रमों की श्रृंखला का समन्वयन किया। डीआईसी, आईआईटी रुड़की के अधिकारियों ने एमएसएमई इकाइयों एवं अन्य संगठनों से आए प्रतिभागियों को योजना के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की।

डॉ. एस.के. नेवार, निदेशक एवं प्रमुख, विकास एवं सुविधा कार्यालय (एमएसएमई-डीएफओ), हल्द्वानी एवं देहरादून एस.सी. कंडपाल, उप निदेशक, विकास एवं सुविधा कार्यालय (डीएफओ-एमएसएमई), हल्द्वानी और अमित मोहन, सहायक निदेशक तथा विभिन्न सरकारी एजेंसियों के अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त, क्षेत्रीय उद्योगों एवं एमएसएमई इकाइयों के प्रतिनिधियों ने इस चर्चा से लाभ प्राप्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित