चेन्नई , जुलाई 20 -- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान -मद्रास (आईआईटी-मद्रास) ने सोमवार को इंजीनियरिंग में स्नातक योग्यता परीक्षा (गेट) 2027 के आयोजन की तारीखों, पाठ्यक्रमों में बदलाव और नये पेपर की जानकारी दी है।

गेट एक राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है जो इंजीनियरिंग , प्रौद्योगिकी , विज्ञान, वास्तुकला , वाणिज्य , कला और मानविकी जैसे विभिन्न स्त्रानक डिग्री विषयों के छात्र इसमें बैठने के पात्र होते है। गेट 2027 इस परीक्षा का 45वां साल है, जिसकी शुरुआत 1983 में हुई थी।

परीक्षा का आयोजन भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी) और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) द्वारा केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय (एमओई) के राष्ट्रीय समन्वयक बोर्ड - गेट की ओर से किया जा रहा है। रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन पोर्टल अगस्त 2026 के बीच में खुलने की उम्मीद है। परीक्षा की तारीखें छह , सात, 13, 14, 20 और 21 फरवरी, 2027 हैं। परीक्षा इन सभी दिनों में सुबह और दोपहर दोनों सत्रों में आयोजित की जायेगी।

परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवार एमओई और अन्य सरकारी एजेंसियों द्वारा समर्थित संस्थानों में इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी, विज्ञान , वास्तुकला और मानविकीकी संबंधित शाखाओं में मास्टर, डायरेक्ट डॉक्टोरल और डॉक्टोरल प्रोग्राम में प्रवेश ले सकते हैं और उन्हें संभावित आर्थिक सहायता भी मिल सकती है। गेट 2027 एक कंप्यूटर-बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) के रूप में आयोजित किया जायेगा और इसमें कुल 30 टेस्ट पेपर होंगे। बढ़ती ज़रूरतों के हिसाब से अपडेट रहने के लिए पांच साल बाद पेपर के सिलेबस में बदलाव किया गया है।

उन्होंने बताया कि निष्पक्ष और सुरक्षित परीक्षा आयोजित करने के लिए, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन , डिजी लॉकर और फेशियल रजिस्ट्रेशन के ज़रिए होगा। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे बेहतर रजिस्ट्रेशन सुविधाओं का इस्तेमाल करें ताकि परीक्षा हॉल में आसानी से प्रवेश मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित