मुंबई , मार्च 20 -- भारत को प्रौद्योगिकीय नवाचार के क्षेत्र में वैश्विक महाशक्ति के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से शिक्षा मंत्रालय, आईआईटी बॉम्बे के सहयोग से 21और 22 मार्च को 'भारत इनोवेट्स डीप-टेक प्री-समिट' का आयोजन कर रहा है।
आईआईटी बॉम्बे रिसर्च पार्क में होने वाले इस दो दिवसीय शिखर सम्मेलन को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान संबोधित करेंगे।इस राष्ट्रीय प्रदर्शनी में देश भर से प्राप्त 3,000 से अधिक आवेदनों में से चुने गए लगभग 137 होनहार डीप-टेक स्टार्टअप अपने नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे।
उद्घाटन सत्र में भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रोफेसर अजय कुमार सूद, शिक्षा सचिव डॉ. विनीत जोशी, डीबीटी सचिव डॉ. राजेश सुधीर गोखले और आईआईटी बॉम्बे के निदेशक प्रोफेसर शिरीष केदारे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और उद्यमी शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 'भारत-फ्रांस इनोवेशन वर्ष' के अवसर पर घोषित यह पहल भारतीय डीप-टेक के लिए एक 'ग्लोबल एक्सीलरेटर' के रूप में कार्य करेगी। इसका उद्देश्य भारत के शैक्षणिक अनुसंधान (प्रयोगशालाओं और स्टार्टअप) और वैश्विक निवेशकों और कॉरपोरेट जगत के बीच एक मजबूत सेतु बनाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित