मुंबई , सितंबर 24 -- महाराष्ट्र में आईआईटी बॉम्बे के 20 वर्षीय बीटेक छात्र साहिल वाकोडे की मौत पर बढ़ते आक्रोश के बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने उनके दुखी परिवार से बात करते हुए उन्हें इस दुखद घटना से जुड़े हालात की निष्पक्ष, उच्च-स्तरीय जांच की मांग में समर्थन का भरोसा दिलाया।
पार्टी सूत्रों के अनुसार श्री गांधी ने साहिल के माता-पिता रवींद्र और सोनाली वाकोडे से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की और उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी चिंताओं को सड़कों से लेकर संसद तक उठाया जायेगा।
घटना के विरोध में पवई में आईआईटी बॉम्बे परिसर के बाहर विरोध-प्रदर्शन तेज हो गये हैं1 कांग्रेस कार्यकर्ताओं और एनएसयूआई सदस्यों ने जवाबदेही और साहिल की मौत की परिस्थितियों की गहन जांच की मांग की है।मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने प्रदर्शनों का नेतृत्व किया। प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल तैनात था और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।
साहिल के परिवार और प्रदर्शनकारियों ने उनकी मौत से जुड़ी परिस्थितियों पर सवाल उठाये हैं और आरोप लगाया है कि इसमें जाति-आधारित भेदभाव और उत्पीड़न की भूमिका हो सकती है। उन्होंने इस घटना को सिर्फ आत्महत्या मानने से इनकार किया है और इसे 'संस्थागत मौत' का मामला बताया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित