वाराणसी , जून 25 -- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिंदू विश्वविद्यालय) 29 जून को पहली बार इंस्टीट्यूट डे-2026 'उत्थान' का आयोजन करने जा रहा है। संस्थान के इतिहास में पहली बार आयोजित किया जा रहा यह कार्यक्रम संस्थागत परिवर्तन, शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवाचार, उद्यमिता, अनुसंधान उपलब्धियों तथा सामाजिक प्रभाव के उत्सव के रूप में परिकल्पित किया गया है।

कार्यक्रम का आयोजन स्वतंत्रता भवन, काशी हिंदू विश्वविद्यालय में प्रातः नो बजे से किया जाएगा, जिसमें विशिष्ट अतिथि, पूर्व छात्र, संकाय सदस्य, विद्यार्थी, शोधार्थी, नवाचारकर्ता, उद्योग प्रतिनिधि तथा संस्थान के विभिन्न हितधारक सहभागिता करेंगे। यह आयोजन आईआईटी बीएचयू की विकास यात्रा का उत्सव मनाने के साथ-साथ भविष्य की साझेदारियों और नवाचार आधारित विकास के नए अवसर भी सृजित करेगा।

इंस्टीट्यूट डे-2026 'उत्थान' का एक प्रमुख एवं प्रतिष्ठित आकर्षण 'डिस्टिंग्विश्ड एलुमनस/एलुमनाई अवार्ड्स-2025' समारोह होगा। इस अवसर पर आईआईटी बीएचयू/आईटी बीएचयू के 12 विशिष्ट पूर्व छात्रों को उनके पेशेवर, शैक्षणिक, औद्योगिक, उद्यमिता, अनुसंधान एवं सार्वजनिक जीवन में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

विभिन्न श्रेणियों में दिया जाने वाला यह सम्मान संस्थान की उस गौरवशाली परंपरा को रेखांकित करता है, जिसने विभिन्न पीढ़ियों में नेतृत्वकर्ता, नवाचारकर्ता और परिवर्तनकारी व्यक्तित्व तैयार किए हैं। साथ ही, यह संस्थान और पूर्व छात्रों के बीच मजबूत संबंधों को और सुदृढ़ करेगा।

कार्यक्रम के दौरान आईआईटी बीएचयू की अनुसंधान एवं नवाचार उपलब्धियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर वर्ष 2025-26 में 88 पेटेंट प्राप्त करने वाले 69 संकाय सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान बौद्धिक संपदा सृजन, अनुसंधान के व्यावहारिक उपयोग तथा तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में उनके योगदान को मान्यता प्रदान करेगा और संस्थान की शोध को सामाजिक एवं औद्योगिक प्रभाव में बदलने की प्रतिबद्धता को दर्शाएगा।

इंस्टीट्यूट डे-2026 का एक प्रमुख आकर्षण 79 थीमैटिक प्रदर्शनी स्टॉलों के माध्यम से आयोजित होने वाला इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी शोकेस होगा, जिसमें स्टार्टअप, शैक्षणिक विभाग, उत्कृष्टता केंद्र, उद्योग तथा संस्थागत इकाइयां भाग लेंगी।

प्रदर्शनी को राष्ट्रीय प्राथमिकताओं एवं उभरती प्रौद्योगिकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इन प्रदर्शनों में कृषि, स्वास्थ्य, स्वच्छ प्रौद्योगिकी, उन्नत कंप्यूटिंग, बुद्धिमान प्रणालियां, गतिशीलता समाधान, रक्षा उन्मुख तकनीकें, अनुसंधान रूपांतरण तथा बहुविषयी नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा। इनमें प्रदर्शित कई तकनीकों के रणनीतिक क्षेत्रों, राष्ट्रीय तकनीकी प्राथमिकताओं तथा भविष्य उन्मुख औद्योगिक प्रणालियों में उपयोग की संभावनाएं भी प्रस्तुत की जाएंगी।

कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण आयाम स्टार्टअप सहभागिता भी होगा। सहभागी स्टार्टअप्स को अपने विचार, नवाचार एवं उत्पादों को अकादमिक जगत, उद्योग तथा आगंतुकों के समक्ष प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। सर्वश्रेष्ठ स्टॉल को पुरस्कार भी दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित