वाराणसी , सितंबर 14 -- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिंदू विश्वविद्यालय) में विद्यार्थियों को बेहतर एवं सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संस्थान द्वारा दो नई बसों की खरीद की गयी है। दोनों बसों का औपचारिक शुभारंभ सोमवार को विद्यार्थी गतिविधि केंद्र में संस्थान के निदेशक प्रोफेसर अमित पात्रा ने किया।
इस अवसर पर प्रोफेसर पात्रा ने विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, सुगम एवं प्रभावी परिवहन व्यवस्था के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए परिसर में उपलब्ध सुविधाओं को निरंतर सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। नई बसों के संचालन से विद्यार्थियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा परिसर की परिवहन व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी।
कार्यक्रम में कुलसचिव सुमित कुमार बिस्वास, अधिष्ठाता (संकाय मामले) प्रोफेसर एन.के. मुखोपाध्याय, अधिष्ठाता (छात्र मामले) प्रोफेसर राजेश कुमार, सहायक अधिष्ठाता प्रोफेसर मेधा झा सहित संस्थान के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
संस्थान ने विश्वास जताया कि नई बसों के संचालन से विद्यार्थियों का परिसर में आवागमन अधिक सुविधाजनक एवं सुगम होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित