वाराणसी , मार्च 13 -- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी बीएचयू) के प्रतिष्ठित वार्षिक टेक्नो-मैनेजमेंट महोत्सव 'टेक्नेक्स-2026' के 87वें संस्करण का शुक्रवार को स्वतंत्रता भवन में भव्य उद्घाटन हुआ।

नवाचार, प्रौद्योगिकी, नेतृत्व और रचनात्मकता के अद्भुत संगम के साथ शुरू हुए इस महोत्सव ने पहले ही दिन विद्यार्थियों और आगंतुकों को उत्साह से भर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के कुलगीत के साथ हुआ, जिसकी गूंज ने संस्थान की समृद्ध परंपरा और भविष्योन्मुखी दृष्टिकोण के बीच एक प्रेरणादायी सेतु का निर्माण किया।

उद्घाटन दिवस का मुख्य आकर्षण 'थिंक टॉक' सीरीज रही, जिसमें फेरारी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बेनेडेटो विग्ना ने शिरकत की। 'ऑटोकार इंडिया' पत्रिका के मैनेजिंग एडिटर सर्जियस बरेटो द्वारा संचालित इस सत्र में विग्ना ने प्रिसिजन इंजीनियरिंग, लग्जरी ऑटोमोबाइल तकनीक और उद्योग में हो रहे वैश्विक नवाचारों पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने आगामी फॉर्मूला वन सीजन के लिए फेरारी की रणनीतिक दृष्टि और टीम वर्क के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

दोपहर के सत्रों में अत्याधुनिक तकनीक और कला का अनूठा संगम देखने को मिला। यूनिट्री जी-1 रोबोट ने अपनी सटीक गतिविधियों और नृत्य प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जो रोबोटिक्स के क्षेत्र में हो रही प्रगति का जीवंत उदाहरण था। वहीं, 'कैलिडोस्कोप' सत्र के अंतर्गत प्रसिद्ध लेखक और 'मिर्जापुर' वेब सीरीज के शो-रनर पुनीत कृष्णा ने डिजिटल स्टोरी-टेलिंग और भारतीय मनोरंजन उद्योग में आ रहे बदलावों पर अपनी यात्रा साझा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित