वाराणसी , मई 13 -- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-बीएचयू) के नौ संकाय सदस्यों को अमेरिका स्थित प्रतिष्ठित वैश्विक रिसर्च रैंकिंग प्लेटफॉर्म 'रिसर्च डॉट कॉम' की "वर्ल्ड्स बेस्ट साइंटिस्ट्स रैंकिंग्स 2026" में स्थान मिला है। इसे संस्थान की वैश्विक स्तर पर बढ़ती शैक्षणिक और शोध उत्कृष्टता की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। रैंकिंग में शामिल आईआईटी-बीएचयू के शोधकर्ताओं में प्रो. योगेश चन्द्र शर्मा (रसायन विज्ञान), प्रो. प्रलय मैती, प्रो. राजीव प्रकाश, डॉ. अनुज कुमार (मटेरियल्स साइंस एंड टेक्नोलॉजी), प्रो. प्रांजल चन्द्रा (बायोकेमिकल इंजीनियरिंग), प्रो. जहर सरकार (मैकेनिकल इंजीनियरिंग), प्रो. राम शरण सिंह (केमिकल इंजीनियरिंग), प्रो. सत्यव्रत जित तथा प्रो. सोमक भट्टाचार्य (इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग) शामिल हैं।

यह रैंकिंग वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त शोध प्रदर्शन संकेतकों, विशेष रूप से एच-इंडेक्स और विषय-विशिष्ट एच-इंडेक्स के आधार पर तैयार की जाती है। इन मानकों के माध्यम से वैज्ञानिकों के शोध योगदान की गुणवत्ता, प्रभाव और अकादमिक प्रभावशीलता का मूल्यांकन किया जाता है।

संस्थान के अनुसार सूची में शामिल कई संकाय सदस्य पूर्व में भी एल्सेवियर द्वारा जारी 'विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों' की सूची में स्थान प्राप्त कर चुके हैं। इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आईआईटी-बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि "रिसर्च डॉट कॉम की 'वर्ल्ड्स बेस्ट साइंटिस्ट्स रैंकिंग्स 2026' में संस्थान के संकाय सदस्यों का शामिल होना पूरे आईआईटी-बीएचयू परिवार के लिए गर्व का विषय है। यह सम्मान संस्थान में हो रहे उच्चस्तरीय शोध, नवाचार और वैश्विक प्रभाव को दर्शाता है।"उन्होंने कहा कि संस्थान शोध, नवाचार और अंतर्विषयी सहयोग के उत्कृष्ट वातावरण को निरंतर प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि समाज और तकनीकी विकास में सार्थक योगदान सुनिश्चित किया जा सके।

प्रो. पात्रा ने कहा कि यह उपलब्धि विज्ञान, इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी के अग्रणी क्षेत्रों में आईआईटी-बीएचयू की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को और मजबूत करती है। साथ ही यह संस्थान द्वारा उच्च गुणवत्ता वाले शोध, वैश्विक शैक्षणिक पहचान और बहुविषयी वैज्ञानिक योगदान को निरंतर बढ़ावा देने के प्रयासों को भी रेखांकित करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित