कानपुर , मार्च 16 -- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर में 20 और 21 मार्च को "अभिव्यक्ति 2026" का आयोजन किया जाएगा। यह प्रमुख डीप-टेक स्टार्टअप शोकेस स्टार्टअप इनक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर द्वारा आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में देशभर के 150 से अधिक नवाचारी स्टार्टअप्स के साथ निवेशक, मेंटर्स, नीति-निर्माता और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

"उन्नत शोध से वैश्विक समाधान तक" थीम पर आधारित यह दो दिवसीय कार्यक्रम प्रयोगशालाओं में विकसित अनुसंधान आधारित नवाचारों को बाजार तक पहुंचाने की प्रक्रिया को तेज करने का मंच प्रदान करेगा। इसके माध्यम से स्टार्टअप्स, वेंचर कैपिटलिस्ट्स, उद्योग जगत, शिक्षाविदों और नीति-निर्माताओं के बीच सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।

एसआईआईसी द्वारा हर वर्ष आयोजित यह कार्यक्रम भारत के प्रमुख टेक्नोलॉजी बिजनेस इनक्यूबेटरों में से एक के अनुभव को दर्शाता है। 25 से अधिक वर्षों के अनुभव और 500 से अधिक स्टार्टअप्स के पोर्टफोलियो के साथ इस पहल ने अभिव्यक्ति को डीप-टेक नवाचारों को प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के महत्वपूर्ण मंच के रूप में स्थापित किया है।

कार्यक्रम में स्टार्टअप प्रदर्शनी, विषयगत पैनल चर्चाएं, संस्थापकों के साथ संवाद, निवेशकों के साथ सहभागिता और नेटवर्किंग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से स्टार्टअप्स को अपनी तकनीकों को प्रदर्शित करने और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र के प्रमुख हितधारकों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

एसआईआईसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आशुतोष अग्निहोत्री ने कहा कि "अभिव्यक्ति नवाचार और उद्यमिता की उस भावना को दर्शाता है जिसे आईआईटी कानपुर लंबे समय से प्रोत्साहित करता रहा है। यह मंच उभरती तकनीकों को अनुसंधान से आगे बढ़ाकर समाज पर सार्थक प्रभाव डालने का अवसर प्रदान करता है।"अभिव्यक्ति 2026 में भाग लेने वाले स्टार्टअप्स कृषि प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग, क्लीनटेक , साइबर सुरक्षा, रक्षा एवं एयरोस्पेस, फिनटेक तथा मेडटेक जैसे विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस कार्यक्रम में वेंचर कैपिटल फर्मों, कॉरपोरेट नेताओं, सरकारी प्रतिनिधियों तथा अकादमिक और स्टार्टअप समुदाय के सदस्यों के शामिल होने की उम्मीद है, जिससे अनुसंधान संस्थानों, उद्योग और उद्यमिता के बीच सहयोग को और मजबूत किया जा सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित