कानपुर , मार्च 24 -- आईआईटी कानपुर में पेंशन फंड विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) और स्टार्टअप इन्क्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर (एसआईआईसी) की संयुक्त पहल 'इनोवेट4एनपीएस हैकाथॉन 2026 - पिच डे' का समापन हुआ।

बढ़ती उम्रदराज आबादी के परिप्रेक्ष्य में सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इस हैकाथॉन में इनोवेटर्स, स्टार्टअप्स और तकनीकी विशेषज्ञों ने नेशनल पेंशन सिस्टम को सुदृढ़ बनाने के लिए नए समाधान प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का मुख्य विषय 'डिजिटल ट्रस्ट' रहा, जिसका उद्देश्य पेंशन प्रणाली में उपयोगकर्ता विश्वास और भागीदारी बढ़ाना था।

पिच डे के दौरान चयनित टीमों ने बहु-स्तरीय प्रक्रिया के तहत अपने विचार प्रस्तुत किए। जूरी में नीति-निर्माता, उद्योग विशेषज्ञ और क्षेत्र के जानकार शामिल रहे, जिन्होंने स्केलेबिलिटी, नियामकीय अनुपालन, व्यवहारिक वित्त और यूजर ट्रस्ट जैसे पहलुओं पर प्रस्तावों का मूल्यांकन किया।

कार्यक्रम के दौरान नेटवर्किंग और विभिन्न क्षेत्रों के बीच सहयोग को बढ़ावा मिला। 'अभिव्यक्ति' प्रदर्शनी में डीप-टेक और पब्लिक सिस्टम्स से जुड़े नवाचारों का प्रदर्शन भी किया गया।

इस अवसर पर पीएफआरडीए के अध्यक्ष शिवसुब्रमण्यम रमन ने कहा कि ऐसे आयोजन सार्वजनिक वित्तीय प्रणालियों के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यहां विकसित समाधान केवल डिजिटल सुधार तक सीमित नहीं, बल्कि व्यापक प्रणालीगत परिवर्तन की दिशा में संकेत देते हैं।

हैकाथॉन के अंत में चार विजेता टीमों को सम्मानित किया गया, जिनमें आदित्य वीर सिंह-पंकज गोयल, गर्वित जोशी-लक्षित जोशी, अकबर अली (आड्रिला टेक्नॉलाजी प्रा लि) और कुलदीप पराशर (पेंशन बाक्स) शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न मुद्दों जैसे ऑनबोर्डिंग, यूजर एंगेजमेंट, डेटा एनालिटिक्स और सिस्टम दक्षता पर काम करने वाली शीर्ष 12 टीमों को भी सराहा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित