कानपुर , मार्च 20 -- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर और पावर फाउंडेशन ऑफ इंडिया (पीएफआई) ने ऊर्जा क्षेत्र में विनियमन और नीति के क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत पीएफआई विशिष्ट चेयर प्रोफेसरशिप की स्थापना की जाएगी।

आधिकारिक प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि इस पहल का उद्देश्य ऊर्जा क्षेत्र में शिक्षण, अनुसंधान और नीति निर्माण को बढ़ावा देना तथा अकादमिक जगत, नीति-निर्माताओं और उद्योग के बीच सहयोग को मजबूत करना है। एमओयू पर हस्ताक्षर पीएफआई के कार्यकारी निदेशक अंशुमान श्रीवास्तव और आईआईटी कानपुर के प्रो. राजा अंगमुथु ने किए। इस अवसर पर पीएफआई और संस्थान के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

प्रो. अंगमुथु ने कहा कि यह समझौता ऊर्जा क्षेत्र में संस्थान की भूमिका को और मजबूत करेगा, जबकि पीएफआई ने इसे नीति आधारित अनुसंधान और बेहतर निर्णय-निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया। यह सहयोग अकादमिक और उद्योग, विशेषकर सार्वजनिक उपक्रमों के बीच नवाचार को बढ़ावा देने के साथ ऊर्जा क्षेत्र के लिए प्रभावी और सतत समाधान विकसित करने में सहायक होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित