वाराणसी , मार्च 12 -- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-बीएचयू) और हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (हडको) के बीच शहरी अवसंरचना विकास से संबंधित क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण और अनुसंधान गतिविधियों के लिए गुरुवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता वाराणसी स्थित आईआईटी-बीएचयू परिसर में संपन्न हुआ। एमओयू पर हडको के क्षेत्रीय प्रमुख नरेश कुमार तथा आईआईटी (बीएचयू) के डीन (अनुसंधान एवं विकास) प्रो. राजेश कुमार ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर हडको के संयुक्त महाप्रबंधक संजय कुमार, आईआईटी (बीएचयू) के आर्किटेक्चर, प्लानिंग एंड डिजाइन विभाग के अध्यक्ष डॉ. रबी नारायण मोहंती, सहायक प्रोफेसर डॉ. ई.वी.एस. किरण कुमार तथा उप कुलसचिव डॉ. देवेंद्र प्रताप उपस्थित रहे।

यह सहयोग हडको की 'अर्बन इन्वेस्ट विंडो' पहल के अंतर्गत स्थापित किया गया है, जिसका उद्देश्य शहरी स्थानीय निकायों की क्षमता को सुदृढ़ करना है। इसके तहत शहरी अवसंरचना और सतत शहरी विकास से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण कार्यक्रम, अनुसंधान सहयोग और ज्ञान-साझाकरण की गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।

उल्लेखनीय है कि हडको आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अधीन एक नवरत्न केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रम है, जो सतत शहरी विकास को बढ़ावा देने के लिए तकनीकी और वित्तीय सहायता प्रदान करता है। इस साझेदारी के माध्यम से आईआईटी (बीएचयू) अपनी शैक्षणिक और अनुसंधान विशेषज्ञता का उपयोग करते हुए देशभर के नगर निकायों को नीति अनुसंधान, तकनीकी प्रशिक्षण तथा शहरी नियोजन और अवसंरचना विकास से संबंधित चुनौतियों के समाधान में सहयोग प्रदान करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित